तेलंगाना में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही खबरों को तेलंगाना पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि राज्य में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है और लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
सरकारी कंपनियों HPCL, IOCL और BPCL के पास राज्य की जरूरत से अधिक ईंधन भंडार मौजूद है। एसोसिएशन के अनुसार, यह स्थिति वास्तविक कमी नहीं बल्कि अचानक बढ़ी मांग के कारण उत्पन्न हुई है।
वाहन चालकों में डर के कारण वे बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं और ‘फुल टैंक’ कराने की होड़ लग रही है, जिससे स्टॉक तेजी से खत्म हो रहा है। इसके बाद डिपो से दोबारा आपूर्ति आने में थोड़ा समय लग रहा है।
इस बीच ‘नो स्टॉक’ बोर्ड देखकर लोग इसे स्थायी कमी समझ रहे हैं। हैदराबाद समेत कई शहरों में सुबह से ही पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
पंप मालिकों का कहना है कि “कमी नहीं है, लेकिन लोगों की घबराहट और ज्यादा स्टॉक करने की कोशिश से यह भीड़ बन रही है।”








