contact@thereportertv.com
+91 9492986819, +91 9493291809

THE REPORTER TV

______ We Report India ________

अमेरिका-ईरान तनाव फिर चरम पर, युद्ध जैसे हालात

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। ईरान पर “नए हमले” की तैयारी कर रहे अमेरिका की खबरों के बीच पश्चिम एशिया में युद्ध जैसे हालात बनते दिखाई दे रहे हैं। बढ़ते तनाव को देखते हुए ईरान ने एहतियातन अपने हवाई क्षेत्र को पूरी तरह बंद करने का ऐलान किया है। दोनों देशों के बीच शांति वार्ता ठप पड़ने से स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है।

सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, अगले 24 घंटों में यदि कोई बड़ा कूटनीतिक समाधान नहीं निकलता है तो अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान पर बड़े सैन्य हमले को मंजूरी दे सकते हैं। हालांकि रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि हमले को लेकर अंतिम फैसला अभी नहीं लिया गया है।

तनावपूर्ण हालात का असर अमेरिकी प्रशासन पर भी साफ दिखाई दे रहा है। अमेरिकी सेना और खुफिया एजेंसियों से जुड़े कई अधिकारियों ने अपने मेमोरियल डे वीकेंड कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। वहीं, हालात बिगड़ने के बीच ट्रंप ने न्यू जर्सी की अपनी यात्रा बीच में ही रद्द कर तुरंत वॉशिंगटन लौटने का फैसला किया।

स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रंप ने अपने बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की शादी में शामिल न हो पाने की बात भी कही। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा, “सरकारी परिस्थितियों को देखते हुए मेरा वॉशिंगटन में रहना जरूरी है।”

पिछले अप्रैल में घोषित अस्थायी युद्धविराम अब तक लागू है, लेकिन दोनों देशों के बीच बातचीत आगे नहीं बढ़ पा रही है। इसकी सबसे बड़ी वजह ईरान के संवर्धित यूरेनियम भंडार को लेकर जारी विवाद माना जा रहा है।

अमेरिका का कहना है कि वह ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा और ईरान को अपने संवर्धित यूरेनियम भंडार देश से बाहर भेजने होंगे। दूसरी ओर, ईरान ने साफ कर दिया है कि वह अपने परमाणु कार्यक्रम या यूरेनियम भंडार पर कोई समझौता नहीं करेगा।

इन घटनाक्रमों के बीच पश्चिम एशिया में एक बार फिर युद्ध के बादल मंडराने लगे हैं और पूरी दुनिया की नजरें अब अमेरिका और ईरान के अगले कदम पर टिकी हैं।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram
Email

ताज़ा खबर: :

Live Sports  

और खबरें देखें :