contact@thereportertv.com
+91 9492986819, +91 9493291809

THE REPORTER TV

______ We Report India ________

Chandrayaan-3: चंद्रयान-3 की सफलता पर पीएम मोदी ने दी बधाई

भारत का सपना पूरा हो गया है। हमारे मून मिशन चंद्रयान-3 ने चांद की सतह पर सफलतापूर्वक कदम रख लिया है। इसी के साथ भारत दुनिया का ऐसा पहला देश बन गया है, जिसने साउथ पोल पर सॉफ्ट लैंडिंग की है। जबकि चांद पर लैंड करने वाले चौथा देश भी बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करोड़ों देशवासियों और वैज्ञानिकों को इस सफलता की बधाई दी है। वह ब्रिक्स देशों के सम्मेलन में हिस्सा लेने दक्षिण अफ्रीका गए हैं। उन्होंने वहां से वर्चुअली जुड़कर संबोधित किया।

ये पल अविश्वसनीय है
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा- जब हम अपनी आंखों के सामने ऐसा इतिहास बनते देखते हैं तो जीवन धन्य हो जाता है। ऐसी ऐतिहासिक घटनाएं राष्ट्र जीवन की चिरंजीवी चेतना बन जाती है। ये पल अविश्वसनीय है। ये क्षण अभूतपूर्व है। ये क्षण विकसित भारत के शंखनाद का है। ये क्षण मुश्किलों के महासागर को पार करने का है। ये क्षण जीत के चंद्रपथ पर चलने का है। ये 140 करोड़ की धड़कनों के सामर्थ्य का क्षण है। ये क्षण भारत के नए उत्साह और चेतना का है। अमृतकाल की प्रथम प्रभा में सफलता की अमृत वर्षा हुई है। हमने धरती पर संकल्प लिया और चांद पर उसे साकार किया। आज हम अंतरिक्ष में नए भारत की नई उड़ान के साक्षी बने हैं।

इसरो की टीम को बधाई
हर देशवासी की तरह मेरा मन भी चंद्रयान महाभियान पर लगा था। नया इतिहास बनते ही हर भारतीय जश्न में डूब गया। हर घर में उत्सव शुरू हो गया। मैं भी अपने देशवासियों और परिवारजनों के साथ इस उमंग और उल्लास से जुड़ा। टीम चंद्रयान, इसरो और देश के सभी वैज्ञानिकों को इस सफलता की बहुत-बहुत बधाई, जिन्होंने वर्षों तक इतना परिश्रम किया। साथ ही मैं इस उत्साह, मन, आनंद और भावुकता से जुड़े पल के लिए 140 करोड़ देशवासियों को कोटि-कोटि बधाई देता हूं।

चांद से जुड़े मिथक और कथानक बदल जाएंगे
पीएम मोदी ने कहा- जहां आज तक दुनिया का कोई भी देश नहीं पहुंच पाया है, हम वहां पहुंच गए हैं। अब चांद से जुड़े मिथक और कथानक बदल जाएंगे। नई पीढ़ी के लिए कहावतें बदल जाएंगी। भारत में हम सभी लोग धरती को मां कहते हैं और चांद को मामा बुलाते हैं। कभी कहा जाता था- चंदा मामा बहुत दूर के हैं। एक दिन वो भी आएगा जब बच्चे कहा करेंगे- चंदा मामा बस एक टूर के हैं।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram
Email

ताज़ा खबर: :

और खबरें देखें :